धान काटने आई युवती की मौत
सोनभद्र/रामगढ़ : पन्नूगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में धान काटने आई युवती की शुक्रवार की रात संदिग्ध हाल में मौत हो गई। परिवार वालों के मुताबिक ठंड लगने से उसकी मौत हुई है। इस तरह से ठंड से मौत का आंकड़ा तीन पहुंच गया है।
कोन थाना क्षेत्र के पिपरखाड़ गांव से मजूदरों का एक जत्था धान काटने के लिए शिवपुर आया हुआ है। इस टोली में सीता की 18 वर्षीय पुत्री सुनीता भी थी। सुनीता को शिवपुर में ही दो दिन पूर्व बुखार हो गया। हालांकि उसने कहीं इलाज नहीं कराया। शुक्रवार की सुबह वह ठीक थी लेकिन शाम होते ही उसकी हालत गंभीर हो हुई। वह अत्यधिक कांपने लगी। यह देख परिवार वालों व साथ आए मजदूरों की नींद उड़ गई। घटना की जानकारी किसान को दी गई। किसान द्वारा उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी ही की जा रही थी कि सुनीता ने दम तोड़ दिया। इस वाकये के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिले में ठंड का कहर जारी है। शनिवार को और दिनों की अपेक्षा गलन अधिक रही। ठंड से मौत भी हो रही है। सबसे बड़ी मुसीबत गरीब झेल रहे हैं। पिछले वर्षो की तरह इस बार गरीबों को ठंड से बचाने के लिए जिला प्रशासन आगे नहीं आया है। पूर्व में जिलाधिकारी के आदेश पर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदार रात में क्षेत्र का दौरा कर उन लोगों को गरम वस्त्र या फिर कंबल मुहैया कराते थे जो वाकई में जरूरतमंद है लेकिन इस बार ऐसा नहीं है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर