Move to Jagran APP

पहले दिन देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन को उमड़े श्रद्धालु

जागरण संवाददाता, सोनभद्र : वासंतिक नवरात्र का प्रारंभ बुधवार से हुआ। इस दौरान देवी मंदिरों में आस्था

By JagranEdited By: Published: Wed, 29 Mar 2017 05:51 PM (IST)Updated: Wed, 29 Mar 2017 05:51 PM (IST)
पहले दिन देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन को उमड़े श्रद्धालु
पहले दिन देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन को उमड़े श्रद्धालु

जागरण संवाददाता, सोनभद्र : वासंतिक नवरात्र का प्रारंभ बुधवार से हुआ। इस दौरान देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने दर्शन-पूजन कर मातारानी का जयकारा लगाया तो पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। पहले दिन प्रथमा व द्वितीया तिथि एक साथ पड़ने के कारण देवी मंदिरों में हर बार की अपेक्षा कुछ ज्यादा भीड़ दिखी। मातारानी के भक्त तड़के ही मंदिर के पास पहुंच गए थे। जैसे ही कपाट खुला लोगों ने आरती-पूजन में सम्मिलित होकर माता के दरबार में मत्था टेका। पहले दिन मां दुर्गा के पहले स्वरूप शैलपुत्री व दूसरे स्वरूप ब्रह्मचारिणी देवी की पूजा की गई। इसके साथ ही लोगों ने कलश स्थापना कर नौ दिनी अनुष्ठान का भी शुभारंभ किया।

loksabha election banner

मां के स्वरूप देख निहाल हुए भक्त

वासंतिक नवरात्र के पहले दिन राब‌र्ट्सगंज नगर के शीतला मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया। सुबह करीब छह बजे तक मंदिर के कपाट खुलने का इंतजार करने वालों भक्तों का तांता लग गया। जैसे ही मंदिर का कपाट खुला भक्तों ने मातारानी के सामने मत्था टेका और मन्नत मांगी। हाथ में पूजा की थाली लिए महिलाओं ने सबसे पहले पूजन किया। यहां लोगों ने नीम के पेड़ में जल देकर माता शीतला की पूजा किया। इसी तरह सातो शीतला मंदिर, दुर्गा मंदिर, संतोषी माता मंदिर में भी लोगों ने मत्था टेका। अंबेडकर नगर पकरी गांव के पास स्थित कड़े मां शीतला का श्रृंगार किया गया। हाइडिल कालोनी में हाइडिल मैदान के पास स्थित काली मंदिर को भव्य ढ़ंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगे झालरों के साथ यहां भजन गया गया। इसी तरह जिले के रामगढ़ के शीतला मंदिर, काली मंदिर, अमराभगवती मंदिर, वैनी, खलियारी क्षेत्र में बिहार बार्डर पर स्थित देवी मंदिर में भक्तों ने मत्था टेका।

नौ दिनी अनुष्ठान भी शुरू

सोनभद्र : नवरात्र के पहले दिन सुबह लोगों ने विधि-विधान से मां की दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही नौ दिनी अनुष्ठान भी शुरू कर दिया। कहीं लोगों ने दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरू किया तो कहीं व्रत रखकर पूजन शुरू किया गया। कुछ लोग नवरात्र के पहले दिन का व्रत रखा तो कुछ ने नौ दिनों का व्रत रखा हुआ है। जिसका पारण भक्त छह अप्रैल को करेंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.