मछली मार रहे अधेड़ पर गिरी स्कार्पियो, मौत
करमा (सोनभद्र) : करमा गांव में गुरुवार को पुलिया से टकराने के बाद नाले में गिरी स्कार्पियो की चपेट
करमा (सोनभद्र) : करमा गांव में गुरुवार को पुलिया से टकराने के बाद नाले में गिरी स्कार्पियो की चपेट में आने से मछली मार रहे एक अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने वाहन को सीज करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है। करमा थाना क्षेत्र के डिलाही गांव निवासी कैलाश (45) राबर्ट्सगंज मीरजापुर मार्ग पर डिलाही गांव के पास पुलिया के नीचे बैठकर मछली मार रहा था। इसी दौरान रेनुकूट से मीरजापुर जा रही तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित हो गई। पुलिया से टकराने के बाद वह नाले में उस स्थान पर गिरी जहां कैलाश बैठकर मछली मार रहा था। वाहन के नीचे दबने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटना स्थल पर कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर कैलाश के परिवारवालों के साथ ही थानाध्यक्ष मनोज यादव मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद वाहन को सीज कर दिया। स्कार्पियो मीरजापुर की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।