धूप-छांव के बीच टपकीं बूंदे, राहत
सोनभद्र: बुधवार की आधी रात के बाद बदला मौसम शुक्रवार को भी अपना असर दिखाया। इस दौरान शाम को कुछ देर
सोनभद्र: बुधवार की आधी रात के बाद बदला मौसम शुक्रवार को भी अपना असर दिखाया। इस दौरान शाम को कुछ देर हुई बूंदाबांदी व हवाओं के चलने से गर्मी से थोड़ी राहत मिली। सुबह से लेकर दोपहर तक बादलों के बीच से होकर निकली सूरज की किरणें आग बरसाईं। ऐसे में तपिश से लोग परेशान रहे।
सुबह छाये रहे बादल दोपहर में कुछ देर के लिए अचानक गायब हो गए लेकिन फिर छिटपुट नजर आने लगे। इससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में पारा फिर चढ़ेगा।
अप्रैल में गर्मी ने जो रफ्तार पकड़ी है उस पर लगाम लगते नहीं दिख रहा। गत एक पखवाड़े पर नजर डालें तो पारा 44 डिग्री व उसके आसपास ही रहा। ऐसे में आशंका जताई जा रही थी कि प्री-मानूसन समय से पहले आ सकता है। ऐसा होता भी दिखा। बुधवार की शाम अचानक मौसम बदला। ठंडी हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। आधी रात को आंधी आई, कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई। अचानक लोगों को गर्मी से राहत मिलती नजर आई। शुक्रवार को सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे। लगा कि कभी भी बारिश हो सकती है पर जैसे-जैसे दिन चढ़ा बादलों का दम भी निकलता गया। आसमान में मौसम साफ हो गया। दोपहर होते-होते तीखी धूप शरीर जलाने लगी थी। तपिश से लोग बेहाल हो उठे। अधिकतम पारे में कुछ कमी रही। मौसम के जानकारों के अनुसार हवाओं के खेल में प्री-मानसून भटक गया है। हालांकि आने वाले कुछ दिनों में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा सकती है।