रंगारंग कार्यक्रमों संग हैंडबाल स्पर्धा का आगाज
सोनभद्र : खेल निदेशालय व हैंडबाल संघ के संयुक्त तत्वावधान में राबर्ट्सगंज स्थित विशिष्ट स्टेडियम तियरा में रविवार को मंडल स्तरीय हैंडबाल प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी डीके सिंह ने दीप जलाकर उद्घाटन किया। ध्वजारोहण करने के बाद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता शुरू हुई।
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रतियोगिता में करीब दो घंटे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। अतिथियों पर पुष्प वर्षा, बैज अलंकरण व माल्यार्पण के बाद सरस्वती वंदना से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ। छात्र-छात्राओं ने गीत व नृत्य प्रस्तुत किया। मंडल स्तरीय इस प्रतियोगिता में गोरखपुर, आजमगढ़, इलाहाबाद, झांसी, बस्ती, लखनऊ, फैजाबाद, बरेली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, सहारनपुर, मीरजापुर मंडल की हैंडबाल टीम प्रतिभाग कर रही हैं। इस प्रतियोगिता की खासियत यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर हैंडबाल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुके खिलाड़ी लखनऊ के मो. रहमान, मो. इरफान व भारत भारती, फैजाबाद के सोन कुमार वर्मा, बस्ती के कृष्ण कुमार सिंह व रमानंद तिवारी, इलाहाबाद के प्रदीप राठौर व मीरजापुर के अजय प्रताप सिंह भी शामिल हैं। रविवार को दो मैच खेले गए।
इस मौके पर नगर पालिका राबर्ट्सगंज अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता, अपर जिलाधिकारी मनीलाल यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी नंदलाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी केके पांडेय, हैंडबाल संघ के सचिव संजय राय, तीरंदाजी संघ के सचिव बलराम कृष्ण यादव, तीरंदाजी कोच अशोक कुमार यादव, पावर लिफ्टिंग संघ के सचिव रामजी यादव, कुश्ती कोच के सचिव संतोष कुमार यादव कनिष्ठ सहायक खेल कार्यालय संतोष कुमार यादव, वालीबाल खिलाड़ी विकास पांडेय, रामजी चतुर्वेदी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन भोला प्रसाद मिश्र ने किया।