राजस्व निरीक्षक को बदमाशों ने मारी गोली
सीतापुर: शहर कोतवाली इलाके में घर में चोरी की नियत से घुस रहे बदमाशों का विरोध करना राजस्व निरीक्षक को महंगा पड़ा। आरआई द्वारा टोकने पर बदमाश भागने लगे और बदमाशों ने आरआई पर असलहे से गोली दाग दी। हाथ में गोली लगने से आरआइ गंभीर रूप से जख्मी हो गए। शोर सुनकर परिवारीजनों ने उन्हे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
कोतवाली इलाके के मुहल्ला कृष्णानगर हरदोई रोड निवासी सत्येंद्र कुमार दीक्षित 55 पुत्र स्व. बाबू दीक्षित सदर तहसील क्षेत्र के हरगांव क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक पद पर तैनात है। मंगलवार की रात सत्येंद्र कुमार अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। उनके साथ में उनकी पत्नी सत्यवती दीक्षित व पुत्री रूपम दीक्षित थी, जबकि पुत्र कार्तिक दीक्षित दूसरी मंजिल पर सो रहा था। रात करीब दो बजे अज्ञात बदमाशों ने चैनल से घर के भीतर टार्च लगाई। टार्च की रोशनी आंखों पर पड़ने के कारण सत्येंद्र जाग गए और उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया। इस पर बदमाश भागने लगे, सत्येंद्र ने बालकनी में जाकर उन्हे रोकने का प्रयास किया। बदमाशों ने तमंचे से सत्येंद्र पर गोली दाग दी, जो उनके बाए हाथ में जाकर धंस गई। शोर सुनकर परिवारीजन व पड़ोसी मौके पर गए। आनन-फानन उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रकरण की सूचना पुलिस को दे दी गई है।