संदिग्धावस्था में युवक की मौत
रेउसा(सीतापुर): थाना क्षेत्र में ससुराल गए एक युवक की संदिग्धावस्था में फांसी लगाने से मौत हो गई। परिवारीजनों ने घटना में हत्या का संदेह जताया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। घटना से क्षेत्र में सनसनी दौड़ गई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम चंद्रसैनी निवासी विवेक सिंह सोमवार को अपनी ससुराल बंभिया गया था। मंगलवार की सुबह बंभिया गांव के बाहर बाग में लोगों ने उसका शव फांसी लगा पाया। उसका शव नीम के पड़ पर दुपट्टे के फंदे से लटक रहा था। सूचना मिलते ही परिवारीजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। घटना के संबंध में परिवारीजनों ने पुलिस को बताया कि ऐसा कोई कारण नहीं था, जिसके चलते विवेक सिंह को आत्महत्या करने को मजबूर होना पड़े। पिता कौशलेंद्र सिंह ने बंभिया निवासी कुछ लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि विवेक की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया है। थानाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हत्या की पुष्टि होने पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।