संपर्क मार्ग को मरम्मत का इंतजार
सिद्धार्थनगर : खेसरहा विकास खंड के कुर्थिया चौराहे से निकले दो दर्जन गांवों को खलीलाबाद जिले से जोड़न
सिद्धार्थनगर : खेसरहा विकास खंड के कुर्थिया चौराहे से निकले दो दर्जन गांवों को खलीलाबाद जिले से जोड़ने वाला संपर्क मार्ग अपने बदहाली पर आंसू बहा रहा है। उखड़ चुकी गिट्टियों से विशाल गड्ढे का रूप ले चुका मार्ग एक वर्ष से मरम्मत की आस जोह रहा है पर जिम्मेदार आंख बंद किए बैठे हैं।
आठ किमी लंबे इस मार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया गया था। इससे भलुहा, खदरगड्डी, बनकेगांव, सेखुई, कुर्थिया, डड़वार आदि सहित दो दर्जन गांवों की करीब एक हजार से अधिक की आबादी प्रतिदिन सफर करती है। लोग इससे कम दूरी तय कर बांसी तहसील मुख्यालय व खलीलाबाद जिला मुख्यालय तक आसानी से पहुंच जाते हैं। एक वर्ष से इस मार्ग की स्थिति काफी बदतर हो चुकी है। पिच भाग गायब हो चुका है तथा मार्ग की गिट्टियां उखड़ कर गड्ढे का रूप ले चुकी है। इससे गुजरने वाले लोग आए दिन गिर कर चोटिल होते हैं। मोटर साइकिल सवार व कार आदि से जाने वाले लोग इस मार्ग की अपेक्षा करही मार्ग से होकर तहसील व ब्लाक मुख्यालय पर पहुंच रहे हैं। दूरी अधिक होने से लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगता है। राम सुरेश, सदावृक्ष, घनश्याम लोधी, शक्तिमान, चिनकू, कनिक राम, अजय यादव, रमेश प्रकाश, संवारे, घम्मल आदि ग्रामीणों ने मार्ग मरम्मत को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग को अर्जी दे गुहार लगाई पर नतीजा सिफर ही रहा। अब लोगों को मुख्य मंत्री के आदेश पर जिम्मेदारों द्वारा इसके निर्माण कराए जाने की प्रतिक्षा है।