प्रशासन हैरान, सरकारी भूमि पर किसने स्थापित कराई प्रतिमा
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर : प्रशासन हैरान है कि नगर पंचायत उस्का में सरकारी भूमि पर प्रतिमा क
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर : प्रशासन हैरान है कि नगर पंचायत उस्का में सरकारी भूमि पर प्रतिमा किसने स्थापित कराई। इसकी छानबीन को लेकर मौके पर सोमवार पूरे दिन प्रशासनिक अमला डटा रहा। विवाद की आशंका से वहां पूरे दिन फोर्स भी तैनात रही, मगर देर रात तक प्रशासन किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सका।
नगर पंचायत उस्का में पीडब्लूडी गेस्ट हाउस के पास प्रतिवर्ष नवरात्र में अस्थायी प्रतिमा स्थापित कराई जाती है। इस बार भी वहां प्रतिमा स्थापित करायी गई थी, मगर विसर्जन के लिए जैसे प्रतिमा हटाई जाने लगी पता चला कि पंडाल के पीछे किसी ने स्थायी मूर्ति स्थापित करा दी है। इसकी सूचना क्षेत्र के लेखपाल ने उपजिलाधिकारी को दी तो जैसे हड़कंप मच गया। उसके बाद से वहां एसडीएम सदर समेत पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर रचना मिश्रा, सदर थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र हमराहियों के साथ पहुंच गए। उस्का थानाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह सुबह से ही मौके पर डटे रहे। पूरे दिन छानबीन जारी रही कि सरकारी भूमि पर किसने प्रतिमा स्थापित कराई। पूरे दिन छानबीन के बाद भी प्रशासन किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सका। प्रशासन इसका सटीक जवाब तक नहीं दे पाया, यह बौर बात है कि गोलमोल जवाब से वह सभी का ध्यान भटकाता रहा। मामले की गंभीरता देख वहां पीएसी समेत बड़े पैमाने पर फोर्स तैनात कर दी गई थी। मौके पर प्रशासनिक सक्रियता से वहां क्षेत्रीय जनता की भीड़ जुट गई। इसमें नगर पंचायत अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, हियुवा नेता श्याम धनी राही, भाजपा नेता कन्हैया पासवान, राजमणि पाण्डेय, नगर ओंकार पाण्डेय आदि शामिल रहे। उपजिलाधिकारी सदर आर.डी.राम का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है। न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी।