प्रदेश सरकार पर बरसे विधायक
सिद्धार्थनगर : शुक्रवार को स्थानीय तहसील परिसर में सुबह 11 बजे से क्षेत्रीय विधायक जय प्रताप सिंह धरनारत रहे। जन समस्याओं व लचर कानून व्यवस्था पर वह प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे।
संबोधन के दौरान विधायक ने कहा कि उपभोक्ताओं को बिजली 24 घंटे में तीन से चार घंटे ही मुश्किल से मिल रही है। सूखा काल में सभी नलकूप बंद हैं। पचास प्रतिशत किसानों की फसल सूख चुकी है। प्रदेश सरकार जिले को सूखा ग्रस्त घोषित नहीं करना चाहती। तहसील क्षेत्र की अधिकांश सड़के गड्ढों की गिरफ्त में आ चुकी हैं। विकास कार्य पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। लघु उद्योग प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक गोविंद माधव ने प्रदेश सरकार को चेताते हुए कहा कि जनपद को अविलंब सूखा ग्रस्त घोषित नहीं किया गया तो अब सड़कों पर धरना होगा। कार्यक्रम को प्रदेश परिषद के सदस्य विजयकांत चतुर्वेदी, पूर्व नपा अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव, जयंत्री प्रसाद मिश्र व संचालन कर रहे ईश्वर चन्द्र दूबे एडवोकेट ने भी संबोधित किया। राज्यपाल के नाम संबोधित दस सूत्रीय मांग पत्र उपजिलाधिकारी को सौंपा गया।
धरना में मुख्य रूप से अभय प्रताप सिंह, राम सजीवन पाठक, ओम प्रकाश मिश्र, नंद कुमार वर्मा, रामशरन मौर्य, राम शंकर, आनंद मणि त्रिपाठी, मंगल चौरसिया, पूनीत गुप्ता, राघवेन्द्र दूबे, अरविंद उपाध्याय, जगदीश जायसवाल, जगदीश पाठक, विश्वामित्र, हनुमान चौधरी, सुभाष चन्द्र मिश्र आदि मौजूद रहे।