वाहन दुर्घटना में तीन घायल
सिद्धार्थनगर : नौगढ़-बस्ती मार्ग पर वाहनों की रफ्तार दिनोंदिन तेज हो रही है। दोपहिया वाहनों का रोड पर चलना दुरुह हो गया है। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में रविवार को पति-पत्नी के साथ बैंक कर्मी ऐसे तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में चुटहिल हुए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
पहली घटना 3 बजे के करीब कोतवाली के सामने की है। थाना पथरा के ग्राम सेमरहना निवासी मुनीराम साहनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल नंबर यूपी 55 एल 7603 से मुख्यालय की तरफ जा रहे थे। सामने से तेज गति से आ रहे वाहन को साइड देने के चक्कर में संतुलन खोते हुए गड्ढे में जा घुसे। सिपाहियों ने आवाज सुन घायलों को अस्पताल भेजने का काम किया। दूसरी घटना में स्थानीय सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के कैशियर पद पर कार्यरत किशन सिंह विष्ट घायल हो गये। वह अपने मित्र के साथ बाइक पर जोगिया जा रहे थे, करौंदा मसिना के पास कार से बचने के कोशिश में गिरने से पैर टूट गया।