गणपति दर्शन-पूजन में जुटे श्रद्धालु
सिद्धार्थनगर : श्री गणेश जन्मोत्सव पर जगह-जगह स्थापित गणपति प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। शुक्रवार की सायं पंडालों में रखी गई प्रतिमाओं के बाद से चारों ओर गणपति बप्पा मोरया की धूम मची है। मंगलवार को गणपति के दर्शन-पूजन के लिए इन पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी नजर आई। गणपति बप्पा के जयघोष से वातारण भी भक्ति मय रहा।
डुमरियागंज, बैदौला समेत नगर पंचायत क्षेत्र में आधा दर्जन स्थानों पर गणपति पूजा छाई हुई है। हल्लौर, बेवा, भारत भारी, मोतीगंज, बयारा, भड़रिया आदि ग्रामीण क्षेत्रों में भी आकर्षक ढंग से सजी प्रतिमाएं हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं। यहां सुबह-शाम पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। पूजन के दौरान जय गणेश-जय गणेश की गूंज भी छाई रहती है। पूजा पंडालों में गणेश जी तथा अन्य देवी-देवताओं के भजनों के कैसेट बजने से भी माहौल भक्ति मय बना रहता है। गणपति पूजा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी चौकस दिखाई देता है। डुमरियागंज कोतवाल डा. उपेन्द्र राय ने बताया कि आधा दर्जन स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। शांति व्यवस्था के पुलिस प्रशासन जवानों को चुस्त-दुरुस्त रखा गया है।