हैंडपंप खराब, शुद्ध पानी का संकट
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर : ग्रामीण क्या नगर पंचायत के खराब हैंडपंपों का कोई पुरसाहाल नहीं है। गर्मी के शुरूआती दौर से ही गड़बड़ इंडिया मार्का हैंडपंप ठीक करने की मांग उठती रही, परंतु गर्मी के अंतिम पड़ाव में भी खराब हैंडपंपों को ठीक नहीं कराया जा सका है। नगर के विभिन्न वार्डो में पांच दर्जन से ऊपर हैंडपंप गड़बड़ हैं। अधिकतर रिबोर की स्थिति में है। कुछ हैंडपंप उखाड़ कर अलग रखे गए हैं तो बहुत सारे दूषित जल दे रहे हैं। महीनों से समस्या चली आ रही है, बावजूद इसके जिम्मेदार अनजान बने हुए हैं।
नगर में खराब हैंडपंपों के चलते शुद्ध पेयजल का संकट है। यदि नजर दौड़ाएं तो माली मैनहां में ही दर्जन भर हैंडपंप रिबोर की स्थिति में है, कुछ में दूषित जल निकल रहा है तो कोई बालू युक्त पानी दे रहा है। बिचली बाग कब्रिस्तान के पास, शहंशाह के घर के सामने, शंकर जी की मंदिर के पास, कलाम की चक्की, अम्बेडकर पार्क, चिंकन मल्लाह, हरिजन बस्ती में दो, राजेश, शिव सागर व हनीफा के घर के पास लगा इण्डिया मार्का हैंडपंप महीनों गड़बड़ है। डुमरियागंज रोडवेज बस स्टेशन प्रांगण में लगा हैंडपंप धराशायी हो चुका है, थाना प्रांगण में लगा हैंडपंप महीनों से खराब है, बैदौला, औसानपुर, बनगवां, शाहपुर क्षेत्र में भी दर्जनों हैंडपंप बेपानी है। यह सभी हैंडपंप गर्मी शुरू होने के समय से ही गड़बड़ है, जिसे अब तक ठीक नहीं कराया जा सकता है। राहुल, मनोज कुमार, हमीद, राजेश कुमार, इब्राहीम, सोनू, राजू आदि ने खराब हैंडपंपों को ठीक कराने की मांग की है।
''तकनीकी खराबी वाले हैंडपंपों को सूची बनाकर ठीक कराया जा चुका है। रिबोर वाले हैंडपंप ठीक करने की जिम्मेदारी जल निगम की है, विभाग से लिखा-पढ़ी की गई है कि जल्द से जल्द गड़बड़ हैंडपंप ठीक कराये जाएं।''
श्रीमती बीना देवी
अध्यक्ष
नगर पंचायत, डुमरियागंज
..........
''नगर पंचायत से तीन नए हैंडपंप लगाने व दो रिबोर के लिए धन मिला था, जिसे ठीक कर दिया गया है। नगर पंचायत यदि खराब हैंडपंपों की लोकेशन सहित धन उपलब्ध कराता है तो खराब हैंडपंपों को तुरंत ठीक करा दिया जाएगा।''
प्रदीप कुमार कन्नौजिया
जेई, जल निगम