सायं तक नहीं लौटा बालक
सिद्धार्थनगर : सदर थाना क्षेत्र के सिविल लाइन्स मुहल्ले से शुक्रवार सुबह 6 बजे से एक बालक गायब हो गया। देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका है। परिजन थाने में तहरीर देकर छानबीन में जुट गये हैं। बालक का नाम सुमित यादव (11) पुत्र राम कुमार यादव है।
राम कुमार शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खरिकौरा के मूल निवासी हैं। बच्चों की पढ़ाई के लिए वह सिविल लाइंस मुहल्ले में किराये का कमरा लेकर रहते हैं। उनका बड़ा पुत्र सुमित सुबह 6 बजे अपने छोटे भाई से बता कर निकला कि वह क्रिकेट खेलने जा रहा है। उसके बाद से नहीं लौटा। सुमित स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा 4 का छात्र है। देर शाम तक जब उसका कहीं कोई पता नहीं चला तो उन्होंने थाने में उसके गुमशुदगी की तहरीर दी। समाचार लिखे जाने तक सदर थानाध्यक्ष सुधीर सिंह को प्रकरण की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि अभी तक घटना की सूचना नहीं थी। फिलहाल इसकी छानबीन कराई जा रही है।