छोटे दलों के सहारे पीएम का सपना देख रहे मोदी
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर : देश में भाजपा की लहर होती तो वह सभी प्रदेशों में छोटे दलों से समझौता नहीं करती। मोदी छोटे दलों के सहारे प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। जनता उनके मंसूबे पर पानी फेर देंगी।
यह बातें कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महामंत्री व जोन-6 प्रभारी ईश्वर चन्द्र शुक्ल ने कहीं। वह बुधवार को बांसी नगर पालिका क्षेत्र के एक मैरेज हाल में पार्टी के जिला स्तरीय कार्यकर्ता बैठक को संबोधित कर रहे थे। कहा कि एनआरएचएम, आरटीआई, खाद्य सुरक्षा मिशन , मिड डे मील, मनरेगा कांग्रेस सरकार की देन है। जिससे गरीब आत्मनिर्भर बने हैं। भाजपा दलबदलू एवं आपराधिक किस्म के लोगों को चुनाव लड़ा रही है।
प्रदेश संगठन मंत्री व डुमरियागंज लोस प्रभारी नाजिम खां ने कहा कि निवर्तमान सांसद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी की सरकार में जिले में लूपलाइन का ब्राडगेज में परिवर्तन कराये गये कार्यो को अपना बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। रानी वसुन्धरा कुमारी ने कहा कि कुर्सी के लिए नहीं जिले की जनता की सम्मान के लिए चुनाव लड़ रहीं हूं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद डा. चन्द्र शेखर त्रिपाठी व संचालन केके त्रिपाठी ने किया। पूर्व विधायक अनिल सिंह, सच्चिदानंद पांडेय, चौधरी सुधीर किसान, कैलाश पंछी, फौजिया आजाद, अभिनव राव, बन्ने खा, मंगेश दूबे, अब्दुल सलाम, रंगीलाल यादव आदि ने संबोधित किया।