व्यापार मंडल के चुनाव की सरगर्मियां तेज
श्रावस्ती : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की गहमागहमी के बीच इकौना नगर में व्यापार मंडल के चुनाव की सरगर्म
श्रावस्ती : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की गहमागहमी के बीच इकौना नगर में व्यापार मंडल के चुनाव की सरगर्मिया भी तेज हो गई हैं। संभावित प्रत्याशियों ने वोटरों को लुभाने के लिए उनके घर पर दस्तक देना शुरू कर दिया है। लंबे चौड़े वायदे कर संभावित प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने लगे हैं। व्यापार मंडल की बैठक में चुनाव निष्पक्षतापूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए पांच सदस्सीय कमेटी का गठन कर दिया गया है।
उप्र उद्योग व्यापार मंडल के जिला संगठन के लिए 15 वर्ष पूर्व चुनाव हुआ था। इसमें रवींद्र नाथ गुप्ता अध्यक्ष व राजकुमार गुप्ता महामंत्री चुने गए थे। इस पद पर तीन वर्ष का कार्यकाल निर्धारित है। चुनाव न होने से ये पदाधिकारी अभी तक अपने-अपने पद पर जमे हुए हैं। संगठन में अति विरोध के चलते इस वर्ष चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है। व्यापार मंडल की बैठक में संगठन का चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। इसके लिए जिला उपाध्यक्ष मिथलेश शुक्ला, सत्य वर्धन गोयल, ऐहसान उल्ला, राजकुमार गुप्ता तथा ओम प्रकाश त्यागी को शामिल कर पांच सदस्सीय कमेटी का गठन भी कर दिया गया है। 20 दिसंबर को चुनाव की तिथि निर्धारित की गई है। चुनाव तिथि की घोषणा होते ही संभावित प्रत्याशियों ने जनसंपर्क शुरू कर दिया है। निवर्तमान पदाधिकारी सर्वसम्मति से पुन: पद पर बने रहने के लिए गोटी फिट करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन युवा चेहरों की पद पर कब्जा करने की महत्वाकांक्षा के कारण पुराने चेहरों का पद से हटना तय माना जा रहा है। अध्यक्ष व महामंत्री पद के लिए दावेदारों की संख्या रोज बढ़ती जा रही है। संभावित प्रत्याशियों ने वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए लंबे चौड़े वायदे कर व्यापारियों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। यही नहीं वोटरों को लुभाने के लिए जातीय समीकरण के साथ अन्य चुनावी हथकंडे भी अपनाएं जा रहे हैं। जिला उपाध्यक्ष ने बताया कि अध्यक्ष व महामंत्री का सीधा चुनाव निर्धारित समय पर होगा।