आबरू लूटने का प्रयास, बरामद बाइक में लगाई आग
श्रावस्ती : थाना सिरसिया क्षेत्र के बनगाई गांव में एक युवती से दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। इस
श्रावस्ती : थाना सिरसिया क्षेत्र के बनगाई गांव में एक युवती से दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। इस दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, लेकिन आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने में सफल रहे। घटनास्थल पर बरामद मोटरसाइकिल में उग्र ग्रामीणों ने आग लगा दी। घटना की तहरीर थाने पर दी गई। इस पर पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध दुष्कर्म करने के प्रयास का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के बनगाई गांव की एक किशोरी अपने बहन के साथ धान की निराई करने के लिए बुधवार अपरान्ह करीब तीन बजे खेत की ओर जा रही थी। इस दौरान बाग में गेंहुआभारी के ननके पुत्र अवनीत पांडेय, अर्जुन प्रसाद पुत्र मंगली प्रसाद व जोखवा बाजार निवासी राजू पुत्र बुद्धिसागर ने छेड़खानी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पीछे से आ रहे किशोरी के पिता ने शोर मचाया तो गांव के अन्य लोग पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दौड़ा लिया। आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बरामद मोटरसाइकिल को फूंक दिया। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ दुष्कर्म करने के प्रयास का अभियोग दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।