काला पीलिया से पीड़ित महिला की मौत, दहशत
कांधला : खंड विकास क्षेत्र के गांव सुन्ना में हैंडपंपों से निकल रहा प्रदूषित पानी मौत बांट रही है।
कांधला : खंड विकास क्षेत्र के गांव सुन्ना में हैंडपंपों से निकल रहा प्रदूषित पानी मौत बांट रही है। हैंडपंप के दूषित पानी के चलते दर्जनों ग्रामीण काले पीलिया की चपेट में हैं। काला पीलिया से पीड़ित एक महिला की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे गांव में दहशत व आक्रोश का माहौल है।
खंड विकास क्षेत्र के गांव सुन्ना में जल निगम के द्वारा कई वर्ष पूर्व स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए दर्जनों हैंडपंप लगाए गए थे। कई माह से आधा दर्जन से ज्यादा हैंडपंप से दूषित पानी निकल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे निकला पानी कुछ ही देर में पहले पीला और बाद में काला हो जाता है। आरोप है कि ग्रामीणों ने कई बार जल निगम के अधिकारियों को मामले की शिकायत की लेकिन विभाग के किसी भी अधिकारी ने इस और कोई ध्यान नहीं दिया। जल निगम के अधिकारियों की लापरवाही के चलते ग्रामीणों को हैंडपंपों से निकल रहे दूषित पानी को पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। हैंडपंपों से निकल रहे दूषित पानी पीने के कारण गांव के कई लोग पीलिया सहित अन्य जल जनित बीमारियों की चपेट में हैं।
गांव के गंगाराम की 32 वर्षीय पत्नी सुनीता काला पीलिया की चपेट में आ गई। तीन दिन पूर्व महिला के परिजनों ने उसे गंभीर हालत में मेरठ के एक प्राईवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार रात महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
इन्होंने कहा ..
मामले की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा मामला है तो टीम गांव भेजकर समस्या की जांच कराई जाएगी। पीड़ित लोगों का उपचार कराया जाएगा।
-कांति प्रसाद, सीएचसी चिकित्सा अधीक्षक, कांधला।