वीवी इंटर कॉलेज में आज लगेगा पटाखा बाजार
शामली : दीपावली पर्व पर वीवी इंटर कॉलेज में मंगलवार से पटाखा बाजार लगेगा। सोमवार दोपहर सी
शामली : दीपावली पर्व पर वीवी इंटर कॉलेज में मंगलवार से पटाखा बाजार लगेगा। सोमवार दोपहर सीओ व चीफ दमकल अधिकारी ने कॉलेज मैदान का निरीक्षण किया। मैदान में लगने वाले बाजार में सुरक्षा की खातिर दमकल विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था की है। उधर, पटाखा बेचने के लिए दुकानदारों को सोमवार को भी लंबा इंतजार करना पड़ा।
तीन दिन बाद दीपावली का पर्व है। पटाखों की धूम-धड़ाकों के इस पर्व पर बड़े स्तर पर पटाखों की बिक्री होती है। इसके लिए नगर के वीवी इंटर कॉलेज में प्रतिवर्ष पटाखा बाजार लगाया जाता है। इस वर्ष भी मंगलवार आज से पटाखा बाजार शुरू हो जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई है।
दमकल विभाग के सहायक अधिकारी सुरेश पाल ने बताया कि मैदान में तीस दुकानों को ही लगाया जा सकता है लेकिन इस बार लाइसेंस के लिए आवेदन करने वालों की संख्या ज्यादा हो गई है। इस कारण इस बार दुकानें बढ़ाई जा सकती है लेकिन इसके लिए जिलाधिकारी ही अनुमति देंगे।
सोमवार को चीफ दमकल अधिकारी दीपक शर्मा व सीओ सिटी ने वीवी इंटर कॉलेज मैदान का निरीक्षण किया। चीफ दमकल अधिकारी ने बताया कि उन्होंने मैदान में विभाग की ओर से की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। दुकानों को लगाने के लिए दुकानदारों को भी पूरे नियमों का पालन करना होगा। उधर, सोमवार को भी लाइसेंस के आवेदकों को रिपोर्ट लगवाने की खातिर लंबा इंतजार करना पड़ा।