अबकी बड़े आंदोलन के मूड में व्यापारी
शाहजहांपुर : अघोषित बिजली कटौती को लेकर व्यापारियों द्वारा की गई भूख हड़ताल सूबे के मंत्री ने आश्वासन देकर खत्म कराई थी। तय समय में सिर्फ एक दिन बचा है, लेकिन व्यवस्थाएं नहीं सुधरी। इसे लेकर आक्रोशित व्यापारियों ने अबकी बड़े आंदोलन का मूड बनाया है।
उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के संतोष गुप्ता और प्रमोद गुप्ता ने बिजली समस्या को लेकर बुधवार से भूख हड़ताल शुरू की थी। तीन दिन तक भूख हड़ताल चलने के बाद सूबे के मंत्री राममूर्ति वर्मा ने संज्ञान लेते हुए उच्च अधिकारियों से बात कर सोमवार तक आपूर्ति में सुधार का आश्वासन दिया था। उन्होंने ही जूस पिलाकर व्यापारियों की भूख हड़ताल भी खत्म कराई थी। आश्वासन के बाद अभी तक कोई राहत नहीं मिली। आलम यह है कि सुबह छह से 11 बजे तक का शेड्यूल होने के बावजूद मात्र दो घंटे ही आपूर्ति मिल पाती है। यह भी लो-वोल्टेज और फाल्ट की भेंट चढ़ जाती है। 24 घंटे में दो घंटे की आपूर्ति मिलने से त्राहि-त्राहि मची है। आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज वर्मा, विकास गुप्ता, सनी गुप्ता, अरविंद गुप्ता, राकेश वर्मा, ओमकार वर्मा, पीके पांडेय आदि ने कहा है कि सोमवार तक सुधार नहीं होने पर मंगलवार को एसडीएम और जेई से वार्ता की जाएगी, फिर भी समाधान नहीं निकलने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।