कांबिंग को निकले पुलिस कप्तान
शाहजहांपुर : बदमाशों की आए दिन आहट मिलने की खबरों को गंभीरता से लेते हुए एसपी राकेश चंद्र साहू ने रविवार रात खुद कांबिंग की। एसपी ने कमान संभाली तो दूसरे, तीसरे दर्जे के अधिकारी खुद-ब-खुद मैदान में उतर आए।
एसपी राकेश चंद्र साहू रविवार रात 12 बजे चेकिंग पर निकले। निगोही थाना का निरीक्षण के बाद सिंधौली का रुख कर लिया। रात में डेढ़ बजे बगवापुर गांव में कांबिंग की। बगवापुर एवं पास-पड़ोस के गांव में पिछले कई दिनों से बदमाशों की आहट मिल रही थी। गोलियों की गूंज से इलाका थर्रा रहा था। पुलिस कप्तान के कांबिंग पर निकलने की खबर से दूसरे, तीसरे दर्जे के अधिकारियों ने भी मोर्चा संभाला। एसपी सिटी एपी सिंह निगोही में पुलिस बल के साथ रात्रि में गश्त करने निकल पड़े। उन्होंने देररात तक पुलिस कर्मियों के साथ भ्रमण किया। एसपी ने बताया कि कम्युनिटी पुलिसिंग पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस ग्रामीणों का पुलिस विश्वास जीतेगी। गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीण युवाओं को सुरक्षा के साथ करियर के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। ग्रामीणों के साथ मिलकर बदमाशों से निपटा जाएगा।