गोली कांड में नेता गिरफ्तार
शाहजहांपुर : सिविल लाइंस में हुए खूनी संघर्ष मामले में तीन नामजद समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने एक पक्ष के नगर संघ संचालक कृष्णाधार को गिरफ्तार कर रिवाल्वर, कारतूस बरामद कर लिया है। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में कृष्णाधार का इलाज न्यायिक हिरासत में कराया जा रहा है। संघ नेता पर पूर्व छात्रसंघ नेता सौरभ गुप्ता पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। क्रास एफआइआर दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।
सिविल लाइंस में गुरुवार को नाली विवाद में गोली, ईट-पत्थर चल गया था। गोली पूर्व छात्रसंघ नेता सौरभ गुप्ता के पेट में लगी थी जबकि नगर संघ संचालक कृष्णाधार ईट पत्थर से गंभीर चोटिल हो गए हैं। वारदात के बाद पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस संघ नेता को पब्लिक द्वारा सौंपे जाने की बात दर्शायी है। पुलिस ने लाइसेंसी रिवाल्वर, तीन खोखा, तीन जिंदा कारतूस बरामदगी भी दर्शायी है। पुलिस ने मामले में एक पक्ष के गौरव गुप्ता की तहरीर पर संघ नेता एवं दो अज्ञात पर जानलेवा हमला करने तथा संघ नेता की पत्नी सुषमा मिश्रा की तहरीर पर सौरभ गुप्ता उनके भाई गौरव गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज की है। क्राइम एफआइआर दर्ज कर पुलिस मामले में सच्चाई जानने में जुट गयी है। ऐहतियात दर्शाते हुए वारदात के दूसरे दिन पुलिस घटनाक्रम पर निगाह बनाए रही। पुलिसकर्मी घटना स्थल पर कई बार गए ताकि फिर से कोई विवाद की स्थिति न बने।
सौरभ की हालत में सुधार
खूनी संघर्ष में घायल सौरभ गुप्ता की हालत में दूसरे दिन सुधार होने की बात परिजनों ने बतायी। गोली पेट में लगने से गंभीर घायल सौरभ गुप्ता को निजी अस्पताल एक घंटा ज्यादा समय तक ऑपरेशन चला। सौरभ की इलाज में जुटे परिजन देररात थाने अपनी सुनाने पहुंच सके।