गन्ना किसानों को ईद का तोहफा
शाहजहांपुर : सहकारी चीनी मिलों से जुड़े किसानों को शासन ने ईद का तोहफा दिया है। बकाया भुगतान के लिए सहकारी गन्ना चीनी मिल पुवायां को नौ करोड़ 89 लाख 31 लाख की धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। डीएम शुभ्रा सक्सेना ने प्रधान प्रबंधक को किसानों के खाते में तत्काल धनराशि भिजवाने के निर्देश दिए हैं।
सहकारी चीनी मिल की पदेन प्रशासक व डीएम शुभ्रा सक्सेना ने बताया कि शासन ने 400 करोड़ बकाए के सापेक्ष 989.31 लाख की धनराशि उपलब्ध करा दी है। यह धनराशि तीस जुलाई तक संघ के माध्यम से मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि पुवायां चीनी मिल द्वारा गन्ना समितियों को किए गए 57.59 लाख की प्रति पूर्ति धनराशि गन्ना आयुक्त कार्यालय से जल्द मिलने वाली है। इस तरह अवशेष गन्ना मूल्य धनराशि 1530.34 लाख के सापेक्ष चीनी मिल को कुल 1046.90 लाख की धनराशि प्राप्त होगी। इस धनराशि से 25 मार्च तक के बकाए का भुगतान किया जा सकेगा। डीएम ने स्पष्ट किया कि शेष 12 दिन का बकाया 483.44 लाख का बकाया भी जल्द ही मिल जाएगा।