भ्रष्टाचार पर भड़की एनएसयूआई, प्रदर्शन
शाहजहांपुर : भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध म
शाहजहांपुर : भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित पत्र जिलाधिकारी को सौंपकर जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। शुक्रवार को जिलाध्यक्ष कैफ हसन खां के नेतृत्व में तमाम छात्र नेता कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि नगर पालिका में भारी भ्रष्टाचार व्याप्त है। यहां बिना सुविधा शुल्क के कोई काम नहीं होता है। जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर जमकर धन उगाही की जाती है। तमाम बार इस संबंध में शिकायत की जा चुकी है, आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। तत्कालीन जिलाधिकारी विजय किरन आनन्द ने नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान छेड़ा था, तब उनका तबादला करा दिया गया। यदि नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं संबंधित के खिलाफ कार्रवाई न की गई तो आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित जिलाधिकारी को सौंपे पत्र में बताया कि पालिका में कोई भी टेंडर कानूनी प्रक्रिया से नहीं बल्कि गुपचुप तरीके से किया जाता है। जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर सुविधा शुल्क की मांग की जाती है। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में मामलों की जांच के लिए कमेटी गठित कर कार्रवाई कराए जाने की मांग उठाई। इस मौके पर फैज खान, मोहम्मद दिलशाद खान, सुहेल, अख्तर रजा, अनीस, जोएब, जैनुल रजा, नाजिम, इमरान, शाजेब, सलमान, बिलाल, शिवम, आनन्द, आशु खां आदि मौजूद रहे।