हिस्ट्रीशीटर की धारदार हथियार से हत्या
कलान (शाहजहांपुर) : रुपयों के लेनदेन को लेकर गुरुवार की रात एक हिस्ट्रीशीटर की धारदार हथियार से हत्य
कलान (शाहजहांपुर) : रुपयों के लेनदेन को लेकर गुरुवार की रात एक हिस्ट्रीशीटर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक के भतीजे ने गांव के चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
गांव बहेटी निवासी 48 वर्षीय राजेन्द्र कुमार ने गांव के बाहर मकान बना रखा था। अविवाहित राजेंद्र मकान में अकेले रहता था। शुक्रवार सुबह नौ बजे गांववाले खेत की तरफ जा रहे थे। गांववालों ने राजेन्द्र के दरवाजे पर खून पड़ा देखा। उसका दरवाजा भी खुला हुआ था। यह खबर गांव में आग की तरफ फैल गई। गांव से पहुंचे उसके भतीजे संतराम को राजेंद्र खून से लथपथ मृत अवस्था में कमरे में पड़ा मिला। उसकी सूचना पर सीओ अशोक कुमार तथा एसओ शेर सिंह तोमर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। राजेंद्र के सिर पर धारदार हथियार के निशान थे। संतराम ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके चाचा ने गांव में एक व्यक्ति को चार बीघा खेत बेचा था। उसने कुछ पैसे दिए थे और कुछ बकाया थे। आरोपी पैसे मांगने पर उसके चाचा को जान से मारने की धमकी दिया करते थे। उसने गांव के चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ श्री सिंह ने बताया मृतक हिस्ट्रीशीटर था और उस पर कई मुकदमे थे। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।