डीआइओएस के बाबू पर रिश्वत मांगने का आरोप
शाहजहांपुर : डीआइओएस दफ्तर के एक बाबू पर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ने रिश्वत मांगने का आरोप लगाया
शाहजहांपुर : डीआइओएस दफ्तर के एक बाबू पर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ने रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। इस संबंध में जिलाध्यक्ष ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा।
अशासकीय मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालय शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष मनोज यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियोंने जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सेना को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर जयनाथ यादव को सौंपा। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ लिपिक विकास सक्सेना पर अभद्रता व रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। कहा कि वह डीआइओएस कार्यालय में 24 नवंबर को परीक्षा केंद्र के संबंध में लिपिक विकास सक्सेना से वार्ता करने गए थे। लिपिक ने परीक्षा केंद्र बनाने के एक लाख रुपये मांगे। मना करने पर अभद्रता करते हुए अपशब्दों का प्रयोग किया। जिलाध्यक्ष ने लिपिक का तत्काल प्रभाव से निलंबन की मांग की।
उधर, वरिष्ठ लिपिक विकास सक्सेना ने बताया कि 24 नवंबर की शाम पांच बजे मनोज यादव चार-पांच साथियों के साथ नशे में आए थे और एक-दो कॉलेज को केंद्र बनाने का दबाव बनाने लगे। मना किया तो जूता निकालकर मारने दौड़े। जब मैं चीखा तो डीआइओएस आदि कक्ष से निकलकर मनोज को पकड़ने दौड़े, लेकिन वे सब तुरंत भाग गए। इस घटना की सदर थाने में तहरीर दे दी गई है।
इनसेट
मैं शाम को कार्यालय में विभागीय कार्य निबटाने में व्यस्त था। उसी समय विकास के चीखने की आवाज आई। बाहर निकल कर देखा तो चार-पांच लड़के शराब के नशे में विकास से उलझ रहे हैं। पुलिस को फोन मिलाने पर सभी भाग गए। पुलिस ने आकर आसपास का इलाका छाना मगर कोई नहीं मिला। सुरक्षा की दृष्टि से बाद में सदर थाने में तहरीर भी दे दी है।
- राकेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक।