चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या
तिलहर (शाहजहांपुर) : जमीन के विवाद को लेकर घर के बाहर खड़े चचेरे भाई को गोली मारकर घायल कर दिया गया।
तिलहर (शाहजहांपुर) : जमीन के विवाद को लेकर घर के बाहर खड़े चचेरे भाई को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घायल ने उपचार के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना को लेकर गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव कल्यानपुर बंथरा निवासी 55 वर्षीय नरवीर सिंह मंगलवार की सुबह घर के बाहर जानवरों को भूसा देकर चबूतरे पर खड़े थे। इसी दौरान उनका चचेरा भाई छोटे सिंह तमंचा और भतीजा गब्बर सिंह लाइसेंसी बंदूक लेकर उसके दरवाजे पर आए। दोनों लोग उसे गाली देने लगे। गाली का विरोध करने पर दोनों में नोकझोंक हो गई। आरोप है कि इसी बीच छोटे सिंह ने नरवीर सिंह को गोली मार दी। गोली पेट में जाकर लगी और नरवीर मौके पर ही गिर गए। दोनों आरोपी फायर करते हुए भाग निकले। घटना से गाव में सनसनी फैल गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रूम सिंह यादव फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने घायल नरवीर सिंह को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र मदन सिंह ने छोटे सिंह व गब्बर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जमीन के बंटवारे का था विवाद
बताते हैं कि मृतक नरवीर सिंह का अपने चचेरे भाई छोटे सिंह से जमीन के बंटवारे के लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते छोटे सिंह नरवीर सिंह से रंजिश मानने लगा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक अपने पीछे पत्नी, चार पुत्र तथा तीन पुत्रियों छोड़ गया है। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।