एक फोन से लौट आईं परिवार की खुशियां
शाहजहांपुर: हरियाणा के हिसार सतलोक आश्रम में भगदड़ के दौरान गायब हुई बालिका सुलोचना एटा जिले में मिल
शाहजहांपुर: हरियाणा के हिसार सतलोक आश्रम में भगदड़ के दौरान गायब हुई बालिका सुलोचना एटा जिले में मिल गई। उसके पिता की बेटी से बात हुई थी। वह अपनी बेटी को लेने एटा गए हैं।
थाना क्षेत्र के गांव चंदौरा बहादुरपुर निवासी विमलेश कुमार अपनी 13 वर्षीया बहन सुलोचना के साथ छह नवंबर को सतलोक आश्रम हिसार में गया था। उसके साथ गांव के अन्य लोग भी थे। एक सप्ताह पूर्व आश्रम में अचानक हिंसा भड़क जाने से भगदड़ मच गई थी। भगदड़ के दौरान सभी लोग आश्रम में इधर-उधर बिछड़ गए। उसकी बहन सुलोचना भगदड़ में अचानक गायब हो गई थी। उसने तथा उसके साथियों ने उसे तलाश किया लेकिन वह नहीं मिली। वह दो दिन बाद हिसार से वापस आ गया था। उसके पिता रामकिशोर परिवार वालों के साथ हिसार गए थे और न मिलने पर वापस आ गए थे। विमलेश ने बताया कि मंगलवार सुबह उसके मोबाइल फोन पर एटा से फोन आया था कि सुलोचना यहां पर है। रामकिशोर ने अपनी पुत्री से फोन पर बात की। उसने फोन पर बताया कि वह एटा पहुंच गई है। उसे एक महिला अपने घर पर रख लिया था। सुलोचना से बात होने पर परिवार वालों के चेहरे पर खुशी दौड़ गई। विमलेश ने बताया कि उसके पिता तथा अन्य लोग उसे लेने के लिए एटा गए हुए हैं।