शहर की समस्याओं पर भड़के व्यापारी
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर : शहर में नालियां बंद पड़ी हैं, गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। यह पीड़ा किसी एक की नहीं, बल्कि आम नागरिकों की है, लेकिन जिम्मेदार लोग आंखें मूंदकर बैठे है। व्यापारी संगठन ने इस समस्या को महसूस कर नगर मजिस्ट्रेट के दरबार तक पहुंचा दिया है। व्यापारियों ने शहर की अनदेखी पर नाराजगी भी जाहिर की।
पश्चिमी उद्योग व्यापार मंडल के नगर महामंत्री रजत खन्ना के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल नगर मजिस्ट्रेट से मिला। रजत खन्ना ने बताया कि बहादुरगंज, गोविंदगंज, मैजेस्टिक टाकीज आदि मार्गो पर नगर पालिका की नालियां बंद पड़ी हैं। रोडवेज के सामने गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है इसलिए नालियों की सफाई करायी जाए। यूनियन बैंक के पास मोड़ पर कूड़ादान न होने के कारण सड़क पर लोग कूड़ा डाल देते हैं। यहां कूड़ादान रखवाने की जरूरत है। शहर में कई जगह इंडिया मार्का हैंडपम्प खराब हैं। खराब नलों की मरम्मत कराके चालू कराया जाए। उन्होंने कहा कि शहर में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया। पालिका प्रशासन द्वारा फांगिग कराई जाए। नगर पालिका कार्यालय में गृहकर-जलकर जमा करने वाले बाबू सीट पर नहीं बैठते है। इससे टैक्स जमा करने में परेशानी होती है। नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता ने कहा कि नवरात्र, दशहरा व ईद से पहले शहर में सफाई करायी जाए। नगर मजिस्ट्रेट ने आश्वासन दिया कि मांगों का शीघ्र निस्तारण किया जायेगा। ज्ञापन देने वालों में संजय अग्रवाल, नीनू गुप्ता, साजिद हुसैन खां, अरविंद गुप्ता, जमाल खां, वेद प्रकाश गुप्ता, मोहम्मद इरफान आदि मौजूद रहे।