हाईटेंशन तार गिरा, किशोरी झुलसी
शाहजहांपुर : किशोरी के शरीर पर सोमवार देरशाम हाइटेंशन लाइन गिर गया। बुरी तरह झुलसी किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य कर्मियों ने किशोरी की हालत गंभीर बतायी है। हाईटेंशन तार गिरने से हड़कंप मच गया।
जलालाबाद के नगलानाथ निवासी राशिद की पुत्री नाजरीन (10) देरशाम छह बजे खेत में काम कर रही थी। उसके खेत के ऊपर से ही हाइटेंशन लाइन गई हुई है। अचानक हाइटेंशन लाइन टूटकर नाजरीन के शरीर पर जा गिरी। उस समय विद्युत आपूर्ति सुचारु होने से नाजरीन बुरी तरह झुलस गई। दूसरे खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने नजारा देखा तो चीख पड़े। किशोरी को बचाने के लिए ग्रामीण दौड़े भी लेकिन शोर मचाने से ज्यादा कोई कुछ नहीं कर सका। बिजली इंजीनियरों ने सूचना मिलने पर आपूर्ति बाधित की। लेटलतीफी के कारण नाजरीन बुरी तरह झुलस गई। परिजनों ने उसे जलालाबाद सीएचसी में दिखाया। वहां से डॉक्टर ने रेफर किया तो जिला अस्प्ताल पहुंची। हाइटेंशन टूटने की घटना संज्ञान में आने पर इंजीनियरों की सांसे उखड़ने लगी। घटना की इत्तला जलालाबाद थाने में दे दी गई है।