लायंस क्लब ने मनाया तीज उत्सव
शाहजहांपुर : तीज पर्व की पूर्व संध्या पर तीजोत्सव की धूम रही। लायंस क्लब की ओर से शहर के एक होटल में आयोजित समारोह में महिलाओं और बच्चों ने धमाल किया। इस दौरान आयोजित विविध प्रतियोगिताएं भी हुई। आकर्षण का केंद्र बिंदु रही तीज क्वीन प्रतियोगिता में पूजा अग्रवाल के सिर ताज सजा। सभी ने उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत लायन लेडी वंदना अग्रवाल द्वारा ध्वज वंदना के साथ की गई। इसके बाद परंपरागत तरीके से तिलक लगाकर और महिलाओं को गजरा पहनाया गया। संचालन कर रहे गुरुप्रीत बजाज और रितू बजाज ने तीज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा पेश की। इसके बाद अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने सभी का परिचय कराया। तीज उत्सव के संचालन के लिए लायन लेडी दीपिका सिंघल एवं पूजा अग्रवाल को मंच सौंपा गया। इसके बाद हुई रंगोली, मेहंदी प्रतियोगिता तथा रैंप कैटवाक में प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक प्रदर्शन किया। लायन किड्स ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हुए डीजे पर धमाल मचाया। मेहंदी प्रतियोगिता में पूजा अग्रवाल व शालिनी अग्रवाल को मनमोहक मेहंदी रचाने पर विजयी घोषित किया गया। बच्चों की डांस प्रतियोगिता में चार्वी बजाज प्रथम, रीवा द्वितीय एवं तनिष्का तृतीय स्थान मिला। इसके बाद दीपिका सिंघल द्वारा तीज स्पेशल हाउजी का आयोजन किया गया। जिसमें सभी ने आनंद लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तीज क्वीन प्रतियोगिता रही। इस प्रतियोगिता को बेस्ट कैटवाक, बेस्ट प्रश्नोत्तरी तथा तीज की पारंपरिक वेशभूषा के आधार पर बांटा गया। इस प्रतियोगिता में पूजा अग्रवाल को तीज क्वीन घोषित किया गया। शैफाली गुप्ता को प्रथम रनर अप तथा दीपिका सिंघल को द्वितीय रनर अप घोषित किया गया। अंत में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान रानी प्रूथि, मनीष सदाना, प्रीतो मोंगा, ज्योति मोंगा, रेनू बोहरा, शिखा शर्मा, मधु अग्रवाल, एकता अग्रवाल आदि थीं।
इनसेट
मनीष बने लायंस प्रीमियर के अध्यक्ष
लायंस क्लब शाहजहांपुर प्रीमियर कार्यकारिणी की आम सभा में सर्व सम्मति से मनीष अग्रवाल को अध्यक्ष, नरेंद्र सिंह को सचिव तथा शिवम अग्रवाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। बैठक में डा. अंकित गुप्ता, गुरुप्रीत सिंह बजाज, संजय अग्रवाल, जसवंत सिंह, दीपक अरोरा, शिखर सेठ आदि थे।