अमन बनी तीज क्वीन
शाहजहांपुर : हरियाली का प्रतीक तीज त्योहार विभिन्न संगठनों द्वारा मनाया गया। इस दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताएं कार्यक्रम का आकर्षण रहीं। भारत विकास परिषद के तत्वावधान में हुई तीज प्रतियोगिता में अमन बग्गा को तीज क्वीन के खिताब से नवाजा गया।
भारत विकास परिषद सहयोग संस्था की ओर से शहर के एक होटल में तीज महोत्सव मनाया गया। इसमें 35 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान महिलाओं ने सावन के गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। इसमें अमन बग्गा के सिर तीज क्वीन का ताज सजा। साथी महिलाओं ने उनको बधाई दी। वहीं दूसरे स्थान पर सीमा नीरज तथा तीसरा स्थान साधना गुप्ता को मिला। बच्चों के संगीत प्रतियोगिता में उपासना, रीता रस्तोगी, निताशी गुप्ता, पूनम गुप्ता, सविता, अंजली, प्रीती, पूनम, अनुप्रिया ने भाग लिया। महिलाओं ने के हैप्पी तीज गेम में काजल खन्ना को प्रथम, अंजली गुप्ता को द्वितीय तथा पूनम गुप्ता को तीसरा स्थान मिला। वहीं ढोलक थाप प्रतियोगिता में प्राची को प्रथम, साधना द्वितीय तथा सीमा तृतीय स्थान पर रहीं। इस दौरान महिलाओं ने विजेताओं को बुके देकर बधाई दी। तीज पर्व पर प्रकाश डालते हुए महिला संयोजिका मीरा गुप्ता ने कहा कि तीज के ही दिन मां गौरा पार्वती और भगवान शिव एक शतक के विछोह के बाद मिलन हुआ था। इस दिन महिलाएं व्रत उपवास रखकर अपने पति की लंबी आयु की कामना करती हैं। इस दौरान संस्था की तमाम महिलाएं मौजूद रहीं।