पेयजल को भटकते हैं राहगीर
संत कबीर नगर : बढ़ती गर्मी से नागरिक बेहाल हैं। सार्वजनिक स्थलों पर जहां पेयजल की व्यवस्था नहीं ह
संत कबीर नगर : बढ़ती गर्मी से नागरिक बेहाल हैं। सार्वजनिक स्थलों पर जहां पेयजल की व्यवस्था नहीं है, वहीं टोटियां दुर्व्यवस्था की शिकार हैं। सेवा का दंभ भरने वाली स्वयंसेवी संस्थाएं इस दिशा में सार्थक पहल नहीं कर रही हैं। सर्वाधिक दिक्कत बस स्टेशन पर आने वालों को होती है। गला तर करने के लिए लोग इधर-उधर पीने का पानी ढूंढते फिरते हैं। नपा ने चंद स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था किया है लेकिन आबादी के हिसाब से यह नगण्य साबित हो रहा है।
नगर पालिका खलीलाबाद द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर अभी तक प्याऊ आदि का समुचित बंदोबस्त नहीं किया जा सका है। जनपद मुख्यालय पर दूर-दराज से आने वाले लोगों को मेंहदावल बाइपास, बरदहिया बाजार, गोला बाजार, मुखलिसपुर तिराहे आदि स्थानों पर पेयजल के लिए तरस कर रह जाना पड़ता है। इस बाबत पूछने पर नपा के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शहर में सार्वजनिक टोंटियों के साथ प्रमुख स्थानों पर प्याऊ का इंतजाम किया गया है। उपलब्ध संसाधनों में नागरिकों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने का विभाग प्रयास किया जा रहा है।
- बस स्टैंड पर पेयजल का अभाव
जनपद मुख्यालय स्थित बस स्टैंड पर बैठने तथा खडे़ होने तक की व्यवस्था न होने से यात्रियों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों के लिए प्यास बुझाने तक का इंतजाम नहीं कर पाया है। नतीजतन हजारों यात्री रोजाना हलकान हो रहे हैं। न चाहते हुए भी उन्हें दुकानों पर फिजूल खर्ची करनी पड़ती है। गोरखपुर-लखनऊ मार्ग पर मेंहदावल बाइपास पर यात्रा करने के लिए बसों की प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों के लिए सुविधाएं नही है। प्रतिदिन इस स्टेशन से होकर हजारों यात्री गुजरते है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें कठिनाइयां झेलनी पड़ती है।