बाढ़ का पानी सूखा, अब धंस रहे कच्चे मकान
संत कबीर नगर : घाघरा नदी में आई बाढ़ के दौरान गुलरिहा गांव में घुसे पानी की वजह से कच्चे मकानों की दीवार जर्जर होकर फट गई थी। बाढ़ का पानी हटते ही गाव में कच्चे मकानों के ढहने का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे गांवों में अफरा तफरी का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत दिलाने की मांग की है।
बाढ़ के दौरान गुलरिहा, मंदिर पुरवा, कुर्मियान टोला, छपरा आंशिक आदि गांवों में पानी घुसने के कारण गुलरिहा निवासी राम मिलन, गिरधारी, राम पियारे, जय श्री, मुराली, राम अवध, राम केवल सहित डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों के मकान व कच्ची दीवार पानी घुसने के कारण फट गई थी। बाढ़ का पानी हटने के बाद अब मकान ढहना शुरू हो गया है। इससे गांव में अफरा तफरी का माहौल है। प्रधान प्रतिनिधि हरेंद्र प्रसाद ने बताया कि बाढ़ के समय गाव में न तो तहसील प्रशासन द्वारा उनको कोई राहत दी गई और न ही अब बाढ़ हटने के बाद भी कोई व्यवस्था प्रशासन कर रहा है। इसके कारण लोगों के समक्ष समस्या पैदा हो गई है। पानी भराव व कटान के कारण उनकी खड़ी फसल चौपट हो गई। अब गांव में लोगों के बेघर होने से अब उनके सामने सिर छुपाने की समस्या खड़ी हो गई है।
इस बाबत पूछने पर एसडीएम आरडी पांडेय ने बताया कि गिरे घरों का सर्वे लेखपालों को करने का निर्देश दिया गया है। सूची मिलने पर पीड़ितों को सहयोग दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।