नियुक्ति के लिए न्यायालय की शरण लेंगे टीइटी अभ्यर्थी
संत कबीर नगर : टीइटी संघर्ष मोर्चा की बैठक रविवार को खलीलाबाद जूनियर हाईस्कूल में हुई। बैठक में न्यायालय के आदेश के बाद भी 72825 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ न किए जाने पर चिंता जाहिर की गई। प्रदेश सरकार के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में अवमानना याचिका दाखिल करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते मोर्चा अध्यक्ष देवेंद्र राय ने कहा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा तय की गई समय सीमा बीतने जा रही है। सरकार पूर्व की भांति अपने उपेक्षापूर्ण रवैया अख्तियार किए हुए है। पूर्व में गुमराह करके समय सीमा बढ़ा चुकी है। समय व्यतीत करने के नीति पर कायम है। निर्धारित तिथि 31 अगस्त की समय सीमा समाप्त होती है तो न्यायालय में अवमानना याचिका दाखिल की जाएगी। मोर्चा उपाध्यक्ष अभिषेक श्रीवास्तव कहा कि अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग प्रक्रिया में देरी करके परेशान किया जा रहा है इसका परिणाम हितकर नही होगा। एनडी त्रिपाठी ने कहा कि नियुक्ति न करके परेशान किया जा रहा है। न्यायालय द्वारा दी गई समय सीमा बीतने वाली है लेकिन अभी तक कोई पहल नही किया जा रहा है। बैठक में साथ ही लखनऊ में महा आंदोलन की सफलता की तैयारी पर जोर दिया गया।
इस मौके पर अरुण शर्मा, दीप नारायण राय, सतीश विश्वकर्मा, अब्दुल्ला अंसारी, कमलेश यादव, गिरिजेश शुक्ल, उमा रमण त्रिपाठी, रामधन शर्मा, संतोष सिंह, रमेश यादव, राहुल देव राय, प्रदीप गुप्ता, अरविंद राय, राजेश त्रिपाठी, धनंजय अग्रहरि, मिठाई लाल मौर्या आदि उपस्थित थे।