हैंडपंप खराब, पेयजल का संकट झेल रहे ग्रामीण
संत कबीर नगर :एक तरफ सरकार गांव में शुद्ध पानी के लिए इंडिया मार्का हैंड पंप लगवाकर जल जनित बीमारियों को दूर करने के लिए प्रयासरत है, तो वहीं ग्राम कुसम्हा में लगा हैंड पंप गंदगी से पट गया है। गांव के लोग इस कारण पेयजल की समस्या झेल रहे हैं।
ग्राम कुसम्हा में स्थित साधन सहकारी समिति के बगल में दो साल पहले जल निगम द्वारा हैण्ड पम्प लगवाया गया था। उक्त हैण्ड पम्प का न तो चबूतरा बनवाया गया था, और न ही नाली। कुछ ही दिन में हैंडपंप गन्दा पानी देने लगा। ग्राम निवासी शत्रुघ्न, विनय, हनीफ, शशि वर्मा, आनन्द ,झिनकू, नन्द किशोर आदि ने बताया कि हैंड पम्प का चबूतरा बनवाने के लिए और बाद में इसे रिबोर कराने के लिए कई बार विभाग से प्रयास किया गया, परन्तु ध्यान नहीं दिया गया। अब नल खराब होने से आसपास के लोग कम गहराई के हैंड पंप से पानी पीकर बीमारियों को दावत दे रहे हैं। ग्रामीणों ने जल निगम से हैंड पंप को रिबोर कराने की मांग की है।