रोक के बावजूद बड़े पैमाने पर हो रहा अवैध खनन
सरसावा (सहारनपुर): एनजीटी की रोक के बावजूद जनपद में अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अवैध खनन क
सरसावा (सहारनपुर): एनजीटी की रोक के बावजूद जनपद में अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अवैध खनन की शिकायतों के बाद विभाग एवं पुलिस कभी कभार ही ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़कर खानापूर्ति करती है। सोमवार को एसडीएम सदर के नेतृत्व में विभाग व पुलिस ने अवैध खनन से लदी 12 ट्रैक्टर ट्रालियों को सीज कर दिया।
प्रदेश में खनन पर प्रतिबंध के बावजूद यमुना नदी से लगातार अवैध खनन जारी है। रविवार की रात एसएसपी लव कुमार के निर्देशन में चले अभियान में एसडीएम राम विलास यादव के नेतृत्व में खनन अधिकारी डा. अभय रंजन व शाहजहांपुर चौकी प्रभारी प्रदीप यादव ने रेत से लदी 12 ट्रालियों को सीज कर दिया। इसके चलते यमुना नदी से खनन करने वालों में हड़कंप मच गया। वहीं खनन से लदे अनेक वाहन प्रदेश के उस पार हरियाणा क्षेत्र में जहां के तहां खड़े हो गए। यमुना से अवैध खनन करने वालों में यूपी ही नहीं हरियाणा के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। हरियाणा के लोग रोजाना बेहट तहसील के नानौली व बरथा घाट से सैकड़ों की तादाद में अवैध खनन कर निकल रहे हैं। खनन विभाग कभी कभार ही वहां जाकर कार्रवाई करता है। यमुना में उत्तर प्रदेश के क्षेत्र से हरियाणा के लोगों द्वारा खनन किये जाने के मामले को लेकर पिछले दिनों डीएम शफकत कमाल ने हरियाणा के अधिकारियों के साथ वार्ता भी की थी। इसके बावजूद अवैध खनन पर रोक नहीं लग रही है। नकुड़ तहसील क्षेत्र के थाना सरसावा, नकुड़ व गंगोह क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ट्रैक्टर ट्रालियों से अवैध खनन किया जा रहा है। अवैध खनन कर ये ट्रैक्टर ट्रालियां पिछले कुछ दिनों से ढक कर लाई जा रही हैं और रात के समय लाइन लगाकर निकलती हैं। सरसावा थाना क्षेत्र के बहलोलपुर निवासी एक ग्रामीण ने इस मामले में सपा के एक बड़े नेता समेत कई लोगों के नाम डीएम व एसएसपी के यहां दिये थे। इनका कहना था कि रात के समय उनके गांव से होकर ट्रैक्टर ट्रालियां निकाली जा रही हैं। इसके बावजूद न तो पुलिस प्रशासन और न ही खनन विभाग इन पर कोई कार्रवाई करता है।