जिले में एक साथ मनी होली व दीवाली
सहारनपुर : आतंकी शिविरों पर भारतीय सैनिकों की कार्रवाई से जिले में जश्न का माहौल बन गया। सहारनपुरवास
सहारनपुर : आतंकी शिविरों पर भारतीय सैनिकों की कार्रवाई से जिले में जश्न का माहौल बन गया। सहारनपुरवासियों ने तो यहां तक कहा कि उनका सीना 56 इंच का हो गया। कहीं आतिशबाजी व मिष्ठान वितरण के बीच दीवाली मनी तो रंग और गुलाल के बीच होली खेली गई। कई स्थानों पर देशभक्ति से ओतप्रोत नारे लगाए गए।
शहर हो या देहात हर किसी की जुबां पर एक ही बात थी कि भारतीय सेना ने सीना चौड़ा कर दिया और उड़ी हमले का बदला ले लिया। रेलवे स्टेशन हो या रोडवेज बस स्टैंड या कोई सैलून वाला, वहां सेना की इसी कार्रवाई की चर्चा होती रही।
सोशल मीडिया पर जश्न
सर्जिकल स्ट्राइक के बाद सोशल मीडिया पर भारतीय सेना व प्रधानमंत्री की लोगों ने जमकर तारीफ की। सहारनपुर के सैकड़ों लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर दी है।
हकीकत नगर के राजीव ने लिखा है कि यह पाक के लिए हाई अलर्ट मोड है। हमारे लिए यह गर्व का मौका है, नमो, नमो। आवास-विकास परिषद की सोनिया जैन लिखती हैं कि प्रधानमंत्री जी शुक्रिया आपने यह कार्रवाई की, आपने जो कहा वो किया, यह है 56 इंच की छाती का प्रधानमंत्री।
सरसावा एयरफोर्स स्टेशन के आसपास खेतों पर पहरा
भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में बुधवार देर रात सर्जिकल स्ट्राइक करने के बीच सहारनपुर में एडीजी कानून व्यवस्था के आदेश पर एक बार फिर से सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी खतरों के लिए अलर्ट किया है। एक हजार से अधिक लोगों के फोन भी पुलिस ने सर्विलांस पर लिए हैं। रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों व मुख्य मार्गो पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। वाहनों की जांच भी की। कई होटल में भी जाकर जांच की। सरसावा में एयरफोर्स स्टेशन के आसपास चौकसी बढ़ा दी गई है। इस स्टेशन के आसपास लगे खेतों पर भी पहरा बैठा दिया गया है। रिमाउट डिपो में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।