अकीदत के साथ अदा हुई रमजान के तीसरे जुमा की नमाज
देवबंद (सहारनपुर) : मुकद्दस माह रमजान के तीसरे जुमा की नमाज नगर क्षेत्र में मजहबी अकीदत के साथ अदा क
देवबंद (सहारनपुर) : मुकद्दस माह रमजान के तीसरे जुमा की नमाज नगर क्षेत्र में मजहबी अकीदत के साथ अदा की गई। मर्कजी जामा मस्जिद सहित प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा कर देश में अमन और शांति के लिए दुआएं मांगी गई।
पवित्र रमजान माह के तीसरे जुमा की नमाज मर्कजी जामा मस्जिद में दारुल उलूम वक्फ के उस्ताद मुफ्ती आरिफ कासमी ने अदा कराई। नमाज के उपरांत मुफ्ती आरिफ ने रमजान माह के तीसरे अशरे में ऐतकाफ की फजीलत बयान करते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा नेकियां कमाने के लिए ऐतकाफ का अहतमाम करें। कहा कि अंतिम अशरे की खास रातों में इबादत का विशेष प्रबंध करना चाहिए। रमजान के महीने में हमें अल्लाह की रहमतों और नेअमतों को जमकर लूटना चाहिए। बयान के बाद मुफ्ती आरिफ कासमी ने दुनिया भर में मुसलमानों की सुरक्षा, समृद्धि तथा देश में अमन व शांति के लिए दुआ कराई। जामा मस्जिद के अलावा नगर की रशीदिया मस्जिद में कारी अफ्फान, छत्ता मस्जिद में पेश इमाम ने नमाज पढ़ाई जबकि जमीयत उलेमा-ए-¨हद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने बयान किया। दारुल उलूम कदीम मस्जिद, मस्जिद काजी, आदीनी मस्जिद, पठानपुरा की लाम मस्जिद, मस्जिद आलीशान, किला मस्जिद, गुंदनी मस्जिद, तैयब मस्जिद सहित प्रमुख मस्जिदों में भारी तादाद में मुसलमानों ने जुमा की नमाज अदा की। नमाज के बाद बाजारों में भीड़ रही। कस्बे के अलावा देहात क्षेत्र से आए लोगों ने ईद व रमजान की खरीदारी की। जूतों, टोपियों, कपड़ों की दुकानों पर खासी भीड़ बनी रही।