हाइवे पर निर्माण कार्य से लगा जाम, यात्री रहे परेशान
बिहारीगढ़ (सहारनपुर) : दिल्ली-देहरादून हाईवे पर करीब एक वर्ष से पुल व पुलियों का निर्माण कार्य चल रह
बिहारीगढ़ (सहारनपुर) : दिल्ली-देहरादून हाईवे पर करीब एक वर्ष से पुल व पुलियों का निर्माण कार्य चल रहा है। इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों के लिए निर्माण के बाद भले ही पुल सुविधाजनक सिद्ध होंगे, लेकिन हाल में निर्माणाधीन पुलियों पर मार्ग वन-वे होने के कारण जाम लगना यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। रविवार को भी करीब चार घटे हाईवे पर जाम लगा रहा, जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मोहंड से आगे शिवालिक की पहाडि़यों में पुलियों का निर्माण कार्य चल रहा है। इस मार्ग पर रविवार व शनिवार के दिन वाहनों का आवागमन अधिक होता है, जबकि इन दिनों डाट मन्दिर पर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी अधिक रहती है। पुलियों पर मार्ग वन-वे होने के कारण रविवार की शाम वाहन फंसने से जाम लग गया। देखते ही देखते कुछ ही देर में जाम ने विराट ले लिया और हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना के बाद थाना पुलिस भी जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी रही, लेकिन देर रात तक दोनों ओर से वाहन रेंग-रेंगकर निकलते रहे। आए दिन लगने वाले जाम से उक्त मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।