प्रिया का मॉडल राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए चयनित
सहारनपुर : 42वीं जवाहर लाल नेहरू राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी में राजकीय कन्या
सहारनपुर : 42वीं जवाहर लाल नेहरू राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी में राजकीय कन्या इंटर कालेज के विज्ञान मॉडल का राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए चयन किया गया। कक्षा 12 की छात्रा प्रिया चावला को प्रधानाचार्य व स्टाफ ने उसकी इस कामयाबी के लिए बधाई दी। कालेज के प्रधानाचार्य डा. शीतल ने बताया कि राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद नई दिल्ली के निर्देशन और राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में वाराणसी में 18 से 21 नवंबर तक आयोजित प्रदर्शनी में राजकीय कन्या इंटर कालेज गागलहेड़ी की कक्षा 12 की छात्रा प्रिया चावला के बनाए मॉडल का राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए चयन किया गया। कालेज की अध्यापिका श्रीमती रीना तोमर के निर्देशन में प्रिया चावला ने परिवहन पर आधारित ध्वनि ऊर्जा को विद्युत ऊर्जा में परिवर्तित करने का मॉडल बनाया था। प्रदर्शनी में प्रिया चावला को ट्राफी प्रदान की गई। प्रिया चावला की उपलब्धि पर प्रधानाचार्य डा. शीतल, सरिता रानी, मधु शर्मा, रश्मि मिश्रा, निर्मेश, शीतल रावत, योगेश लांबा व स्टाफ ने हर्ष जताया तथा छात्रा को बधाई दी।