दीपावली पर यातायात व्यवस्था ठप
सहारनपुर : दीपावली के समय भी प्रमुख बाजारों में यातायात सुधार के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। हाल
सहारनपुर : दीपावली के समय भी प्रमुख बाजारों में यातायात सुधार के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। हालात यह हैं कि मुख्य बाजारों में लोगों व वाहनों की भीड़ से स्थायी जाम की स्थिति बनी हुई है।
दीपावली, होली व ईद जैसे प्रमुख त्योहारों पर हर वर्ष ट्रैफिक व सिविल पुलिस लोगों की सुविधा के लिए बाजारों में तैनात रहती है और प्रमुख बाजारों में तिपहिया, चौपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाती रही है, लेकिन इस बार यातायात व्यवस्था नदारद है। बाजारों में वाहनों के प्रवेश के कारण लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं, साथ ही दुकानदारों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बाजारों में उमड़ी भीड़ के कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल होकर रह गया है।
जाम में उलझे ये बाजार
घंटाघर चौक से जाम का जो सिलसिला शुरू हुआ वह भगत सिंह मार्ग, नेहरू मार्केट, प्रताप मार्केट, श्रीराम चौक, लुहानी सराय, चौकी सराय, शहीद गंज, चौक फव्वारा, कक्कड़ गंज, मोरगंज, बोमंजी रोड, अंसारी रोड, भगत सिंह चौक, पुल खुमरान, दाल मंडी पुल व मटिया महल सहित अनेक बाजारों में जारी रहा। इन बाजारों में चौपहिया वाहनों के साथ झोटा बुग्गी व ठेलों की आवाजाही बेरोकटोक जारी है।
कोर्ट रोड का भी बुरा हाल
वीआइपी मार्ग कोर्ट रोड पर भी तमाम दिन जाम की स्थिति बनी रही। बेतरतीब लगी दुकानों तथा उनके आगे खड़े वाहनों के कारण लोगों का पैदल निकलना भी दुश्वार हो रहा है। यातायात नियंत्रण को न तो ट्रैफिक पुलिस का पता था तथा न ही सिविल पुलिस। कई स्थानों पर वाहन स्वामियों से लोगों की झड़पें भी हुई। चिंता इस बात की अधिक है कि संवेदनशील जगहों पर पुलिस की लापरवाही कहीं बबाल न करा दे?
इन्होंने कहा..
त्योहार पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधार को पुलिसकर्मियों को लगाया हुआ है। लापरवाही किस स्तर पर हो रही है इसकी जांच कर कार्रवाई की जायेगी।
- रामाविलास त्रिपाठी, एसपी ट्रैफिक