भाजपा में वर्चस्व की जंग ने पकड़ा तूल
सहारनपुर : भाजपा में छिड़ी वर्चस्व की जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार से शुरू हुआ आरोप-प्रत्य
सहारनपुर : भाजपा में छिड़ी वर्चस्व की जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार से शुरू हुआ आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा।
रविवार को नगर के रेलवे रोड स्थित एक प्रतिष्ठान पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा देहात मंडल के अध्यक्ष पंकज त्यागी ने कहा कि वह लोकसभा चुनाव में आये पार्टी फंड का हिसाब शीर्ष नेतृत्व को दे चुके हैं। इसके बावजूद भी कमल त्यागी द्वारा सपा नेताओं के हाथ की कठपुतली बनकर उनकी व पार्टी की छवि का खराब करने की साजिश रची जा रही है। जिसके लिए वह उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। त्यागी ने कहा कि वह पिछले 23 वर्षो के अंतराल में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में रह कर काम कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में कमल त्यागी को पार्टी ने बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं के लिए 10 हजार रुपये दिए थे, जिसका आज तक उन्होंने कोई हिसाब भी नहीं दिया है। इतना ही नहीं उन्होंने कहा अगर कमल त्यागी युवा मोर्चा का अध्यक्ष हैं, तो वह अपन नियुक्त पत्र मीडिया को दिखाएं। त्यागी ने कहा कि सपा के एजेंट कमल त्यागी को जल्द ही सबक सिखाया जाएगा। इस मौके पर विकास त्यागी, चौधरी देवकुमार, प्रदीप त्यागी, रजनीश शर्मा, जितेंद्र त्यागी, सुभाष बौद्ध, हरीश त्यागी, प्रीतम प्रधान और पवन प्रधान आदि मौजूद रहे।