रामनगर में 'रावणराज'
सहारनपुर : रामनगर कालोनी में बदमाशों ने सोमवार रात चार घरों को निशाना बनाया और वहां से लाखों का माल
सहारनपुर : रामनगर कालोनी में बदमाशों ने सोमवार रात चार घरों को निशाना बनाया और वहां से लाखों का माल समेटकर ले गए। इनमें एक होमगार्ड के जवान का घर भी है, जिसके यहां से बदमाश सबसे ज्यादा माल ले गए हैं। घटना के समय सभी परिवार के सदस्य रामलीला देखने गए थे।
सदर बाजार थाना क्षेत्र में रामनगर कालोनी है। इसी कालोनी में लाजवंती रहती है। इनके पति होमगार्ड हैं। सोमवार रात को लाजवंती पति के साथ छत पर सो रही थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य रामलीला देखने गए थे। इसी दौरान बदमाश मकान के कमरों के ताले तोड़ कर वहां से सोने चांदी जेवरात, कीमती सामान व घर में रखे साढ़े पंद्रह हजार की नकदी ले गए। लाजवंती ने चोरी गए जेवरातों की कीमत सवा लाख बताई है। इसके बाद बदमाश शेर सिंह के घर पहुंचे और वहां से ढाई हजार व मोबाइल, राजपाल के घर से दो मोबाइल व नकदी, नवीन कुमार के घर से तीन हजार व रंजीत सिंह के घर से एक मोबाइल ले गये। घटना की जानकारी उस वक्त लगी, जब परिवार के सदस्य रामलीला देखकर लौटे। मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर लौट आई। पीड़ितों ने तहरीर दे दी है।