भाकियू ने लगाया जगह, जगह जाम
सहारनपुर : बकाया गन्ना भुगतान व किसानों की अन्य मांगों को लेकर गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन ने जनपद के विभिन्न मार्गो का चक्का जाम कर यातायात रोक दिया। इसके चलते आसपास राज्यों व जनपदों से आ रहे वाहन बड़ी संख्या में सड़कों पर खड़े हो गए। मुख्य मार्गों पर जाम खुलवाने को लेकर पुलिस व आंदोलनकारियों के बीच कई बार नोकझोंक हुई। मगर उनकी एक नहीं सुनी। आंदोलन की खास बात यह रही कि इमरजेंसी सेवा को आंदोलन से बाहर रखा गया। जाम के चलते कई मार्गो पर वाहनों को लंबा चक्कर काटकर आना पड़ा।
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के आह्वान पर भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार के निर्देशन में जिले के सभी 11 ब्लाकों में चक्का जाम व धरने किये गए। गुरुवार को प्रात: दस बजे से ही भाकियू कार्यकर्ताओं ने मुख्य स्थानों पर जाम लगाया। उत्तराखंड से आने वाले वाहनों को कलसिया मोड पर रोका गया। देवबंद में जीटी रोड एवं सरसावा में शाहजहांपुर चेक पोस्ट पर चक्का जाम किया गया। रामपुर मनिहारान में दिल्ली रोड पर तथा बलियाखेड़ी ब्लाक में वाहनों का चक्का जाम कर दिया गया। भाकियू के जाम के चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया तो इसे लेकर किसानों व पुलिस के बीच तीखी नोकझोक भी हुई। दोपहर दो बजे ज्ञापन देने के साथ ही जाम खोल दिया गया। इस दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी चरण सिंह, मंडल अध्यक्ष स. मान सिंह, महानगर अध्यक्ष मुकेश तोमर, अशोक चौधरी, चौधरी मेवाराम, रघुवीर सिंह, घनश्याम राणा, चौधरी भीम सिंह, निर्भय फौजी आदि रहे।