सहारनपुर हिंसा के बाद देवबंद में बढ़ी चौकसी
देवबंद (सहारनपुर) : सहारनपुर हिंसा के बाद से देवबंद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। ईदुल फितर व शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से सोमवार को अधिकारियों ने अर्द्धसैनिक बल के जवानों, पुलिस व पीएसी को साथ लेकर नगर में फ्लैग मार्च निकाला।
एसडीएम राजेश कुमार सिंह व सीओ सुरेशपाल सिंह के नेतृत्व में अद्धसैनिक बल के जवानों व पुलिस और पीएसी ने जीटी रोड सहित कस्बे के मुख्य मार्गो व चौराहों पर फ्लैग मार्च निकाला। अधिकारियों द्वारा लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। उपजिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र का माहौल पूरी तरह सामान्य है। सुरक्षा की दृष्टि से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। असामाजिक तत्वों पर प्रशासन पैनी नजर बनाए हुए है। माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले शरारती तत्वों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। फ्लैग मार्च में सीओ सुरेशपाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक बीपी सिंह जाखड़ सहित काफी संख्या में अर्द्धसैनिक बल के जवान पुलिस व पीएसी बल शामिल रहा।