राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी चमके
सहारनपुर : उप्र ताईक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में लखनऊ में संपन्न हुई 30 वीं राज्य ताईक्वांडो प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अनवर अली के नेतृत्व में प्रतियोगिता में जिले के 21 खिलाड़ियों ने भागीदारी की थी। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 र्स्वण, 2 रजत तथा 5 कांस्य पदकों पर कब्जा किया। सहारनपुर ताईक्वांडो एसोसिएशन महासचिव उमेश रोहित ने बताया कि अक्टूबर में दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रदेशीय टीम में सबसे बड़ी भागेदारी सहारनपुर के खिलाड़ियों की होगी। प्रतियोगिता में अपने अपने वजन वर्ग में आंचल सिंह तोमर, जेसिका, पयस्विनी शर्मा, विवेक सैनी, शिशिर प्रताप, शत्रुघन, अरहम मसहूद, ने स्वर्ण पदक, ब्लैक बेल्ट ग्रुप में राम मरवाह, अंकित सांगवान ने स्वर्ण व अध्ययन चौधरी तथा संजीव कुमार ने रजत, काजल सिंह तोमर, अनुज सिंह तोमर, अनुज गिरी, पार्थ शर्मा, राहुल कुमार ने कांस्य पदक प्राप्त किया। खिलाड़ियों का ओशो हेल्थ टैंपल में जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर गोविंदर सिंह, बबीता मलिक, डा. मनोज कंकरवाल, राहुल त्यागी, सुरेन्द्र चौहान, सूरज सचदेवा, अनिल गर्ग, अमोल अग्रवाल, अरविंद जैन, तुषार, सर्वेश, नीलम पुंडीर, अनिल पुंडीर आदि उपस्थित रहे।