सिविल डिफेंस के हाथों में ट्रैफिक की 'कमान'
सहारनपुर : शहर की ध्वस्त यातायात व्यवस्था को ढर्रे पर लाने के लिये सिविल डिफेंस की मदद ली जा रही है। थानों में भी खाकी के साथ मिलकर सिविल डिफेंस के पदाधिकारी व सदस्य कानून व्यवस्था में भी सहयोग करेंगे। इस संबंध में गुरुवार को एसपी सिटी ने सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ पुलिस लाइन में मीटिंग ली, जिसमें आपसी सहमती के बाद सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों व सदस्यों ने कदम से कदम मिलकर पुलिस का सहयोग करने के लिये हामी भरी।
लोक सभा चुनाव के चलते जिले की फोर्स बाहर चली गई है। फोर्स की भरपाई और ट्रैफिक व्यवस्था को ढर्रे पर लाने के लिये गुरुवार को एसपी सिटी पूनम सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ मीटिंग की। इसमें सिविल डिफेंस की चीफ वार्डन समेत पोस्ट वार्डन व सीनियर मेंबर मौजूद रहे। मीटिंग के बाद एसपी सिटी पूनम ने बताया कि फोर्स की कमी को देखते शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिये 15 प्वाइंटों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ सिविल डिफेंस के पदाधिकारी व सदस्य सहयोग करेंगे। इसी तरह कानून व्यवस्था में सुधार लाने के लिये सिविल डिफेंस का सहयोग लिया जा रहा है। सिविल डिफेंस की चीफ वार्डन ब्रज चावला ने बताया कि सिविल डिफेंस के पदाधिकारी व सदस्य पुलिस के सहयोग के लिये तैयार है। फोर्स की कमी को देखते सिविल डिफेंस के सदस्य ट्रैफिक व्यवस्था व कानून व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करेंगे। छह थानों व 15 प्वाइंटों पर सिविल डिफेंस के पदाधिकारी व सदस्य पुलिस के साथ रहेंगे।