गधों के बजाय इंसानों के बारे में सोचें पीएम : आजम
रामपुर : नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा प्रधानमंत्री बहुत निचले स्तर पर उतर आए हैं। गधे और घोड़े पर
रामपुर : नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा प्रधानमंत्री बहुत निचले स्तर पर उतर आए हैं। गधे और घोड़े पर बात कर रहे हैं। गधों से प्रेरणा ले रहे हैं। पीएम साहब गधों पर बहस करने के बजाय इंसानों के बारे में भी कुछ सोचें। हमारी बदकिस्मती देखिए दुनिया थूकती होगी कि पीएम कह रहे हैं कि मैं गधों से प्रेरणा लेता हूं। अल्लाह के बंदे आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से प्रेरणा ले ली होती।
कैबिनेट मंत्री ने मीडिया से वार्ता के दौरान यह बात कही। बोले, अमित शाह ने कहा कि लैपटॉप मजहब देखकर दिया गया है, जबकि लैपटॉप पढ़े लिखे लोगों को दिया गया और मुसलमानों में शिक्षा नाममात्र को है। लिहाजा लैपटॉप नाममात्र को मिले हैं। ऐसे व्यक्ति से आप क्या उम्मीद करते हैं जिसको अदालत के हुक्म से गुजरात से निकाला गया हो। आगे कहा कि भाजपा के लोग कब्रिस्तान और शमशान की बात कर रहे हैं। दंगों से कब्रिस्तान और शमशान आबाद होते हैं। इसीलिए श्मशान और कब्रिस्तान को मुद्दा बना रहे हैं। समाजवादी एम्बुलेंस का स्लोगन ढकने पर भारत निर्वाचन आयोग पर तंज कसा। कहा कि वह भाजपा को जय श्रीराम कह ही रहा है, उसमें क्या? महाराष्ट्र चुनाव को लेकर कहा कि हर बार वहां भाजपा, शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ते थे। इस बार अलग अलग लड़ा, लेकिन शिवसेना ने अपनी ताकत दिखाई। पता लगा कि भाजपा की कोई ताकत नहीं है। हम अभी से कह सकते हैं कि या तो अगला मुख्यमंत्री शिवसेना का बनेगा या दोनों में से किसी का नहीं बनेगा। वहां बीजेपी को मातम करने की जरूरत है। शिवसेना की बड़ी कामयाबी है, उन्होंने पहले से कहीं ज्यादा सीटें जीती हैं।