पूर्व प्रधान के भाई की हत्या, थाने पर लगाया जाम
रामपुर : चुनाव की रंजिश में प्रधान पक्ष ने पूर्व प्रधान के भाई की हत्या कर दी। पुलिस से नाराज मृतक प
रामपुर : चुनाव की रंजिश में प्रधान पक्ष ने पूर्व प्रधान के भाई की हत्या कर दी। पुलिस से नाराज मृतक पक्ष शव लेकर पटवाई थाने पहुंच गए। थाने का घेराव कर लिया। सड़क पर जाम लगा दिया। वे दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। आक्रोशित भीड़ को देख आसपास के थानों की पुलिस बुला ली गई। ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद ही भीड़ शांत हुई। पटवाई थाना क्षेत्र के गौसमपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान वीरेंद्र ¨सह के भाई महीपाल को 18 मई की सुबह कुछ लोगों ने ठिरिया गांव के मोड़ पर घेर लिया था। लाठी डंडों और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया था। उनका मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा था। बुधवार शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मेरठ में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। गुरुवार शाम शव गांव पहुंचा तो लोगों की भीड़ जुटने लगी। शव देख आक्रोश फैल गया। परिजन शव लेकर पटवाई थाने आ गए। पुलिस पर दूसरे पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। परिजनों का कहना था कि मारपीट की घटना के बाद पुलिस को तहरीर दी थी, जिसमें प्रधान समेत चार को नामजद किया था, लेकिन पुलिस ने प्रधान पक्ष से साठगांठ कर ली। प्रेमपाल और जसवंत के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर दी, जबकि प्रधान को बचा लिया। किसी को गिरफ्तार तक नहीं किया और अब घायल की मौत की जानकारी होने पर पुलिस ने एनसीआर में नामजद आरोपियों को थाने में बैठा लिया। नाराज ग्रामीणों का कहना था कि इस मामले में जांच करने वाले दारोगा की भूमिका शुरू से ही ठीक नहीं है। दारोगा और एक सिपाही ने प्रधान पक्ष को बचाने के लिए ऐसा किया। ग्रामीण दारोगा और सिपाही को हटाए जाने की मांग करने लगे। थाने पर हंगामे की जानकारी पर शाहबाद और शहजादनगर समेत आसपास थानों की पुलिस पहुंच गई। सीओ मिलक ओपी आर्य भी आ गए। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उनके मुताबिक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिस पर लोग शांत हुए। पटवाई थाना प्रभारी आशीष कुमार शुक्ला ने बताया कि मुकदमा हत्या में लिख दिया है, जिसमें प्रधान अखिलेश कुमार और प्रमोद के नाम बढ़ाए गए हैं।
मारपीट के मामले में पहले से एनसीआर दर्ज थी, जिसे घायल की मौत के बाद हत्या में तरमीम कर दिया है। इसके अलावा मुकदमे में प्रधान समेत दो नाम बढ़ाए गए हैं। घटना की निष्पक्ष जांच के आदेश थाना प्रभारी को दिए हैं।
विपिन टाडा, पुलिस अधीक्षक।